दिल्ली (मनोज कुमार) : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अनुभवी और वरिष्ठ नेताओं की टीम को जिम्मेदारी सौंपी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर महाराष्ट्र के विभिन्न संभागों के लिए सीनियर और समन्वयकों की नियुक्ति की है। 
इन नियुक्तियों में पार्टी के दिग्गज नेताओं को प्रमुख भूमिका दी गई है।

मुंबई और कोंकण संभाग के लिए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. जी. परमेश्वर को जिम्मेदारी दी गई है। विदर्भ संभाग की कमान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री उमंग सिंगार को सौंपी गई है। उमंग सिंगार को उनकी मजबूत छवि और प्रभावशाली नेतृत्व क्षमता के कारण अहम भूमिका दी गई है।

मराठवाड़ा संभाग के लिए राजस्थान के युवा नेता सचिन पायलट और तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी को नियुक्त किया गया है, जबकि पश्चिमी महाराष्ट्र की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव और कर्नाटक के एम.बी. पाटिल को दी गई है। उत्तर महाराष्ट्र के लिए कर्नाटक के डॉ. सैयद नासेर हुसैन और डी. अनसूया सीतक्का को ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया गया है। 

राज्य चुनाव की समग्र देखरेख के लिए वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक और अविनाश पांडे को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस की यह टीम चुनावी रणनीति को मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी को जीत दिलाने के उद्देश्य से जुटेगी। विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है, और इन अनुभवी नेताओं की देखरेख में कांग्रेस महाराष्ट्र में अपनी पकड़ को मजबूत करने का प्रयास करेगी।