टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या देश ही नहीं दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। इंटरनेट पर लोग हत्याकांड से जुड़ी जानकारी सर्च कर रहे हैं। लोग जानना चाहते हैं कि हत्या की मुख्य वजह क्या है। सोशल मीडिया पर भी तरह तरह की चर्चा हो रही है और लोग सवाल पूछ रहे हैं।

दिल्ली में सबसे ज्यादा चर्चा
यह वारदात हरियाणा के गुरुग्राम में भले ही हुई हो लेकिन इस केस की सबसे ज्यादा चर्चा दिल्ली में है। दिल्ली क्षेत्र से अधिक लोगों ने इंटरनेट पर इस केस की तहकीकात की है। दूसरे नंबर पर हरियाणा है। उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश क्रमशः तीसरे, चौथे, पांचवें और छठे नंबर पर हैं। हालांकि, यह मामला देश के सभी राज्यों में छाया हुआ है। 

हरियाणा के शहरों पर नजर डालें तो अभेपुर और बेहलपा में सबसे ज्यादा लोगों ने राधिका हत्याकांड को सर्च किया। इसमें गुरुग्राम शहर तीसरे नंबर पर है। इसके बाद मारुतिकुंज, झज्जर, नचोली, सोहना, बूंगा जैसे शहर हैं।

यूएई से अमेरिका तक चर्चा
गूगल ट्रेंड के आंकड़े बताते हैं कि 10 से 14 जुलाई तक भारत के बाद सबसे अधिक यूएई, कतर, सिंगापुर, नेपाल, मलयेशिया, श्रीलंका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और यूके समेत 33 देशों में यह टॉपिक सर्च किया गया। 11 जुलाई को यह घटना काफी सुर्खियों में रही।

25 सवाल, जिनके जवाब तलाश रहे लोग
यूजर इंटरनेट पर 25 सवालों के जवाब ढूंढ रहे हैं। राधिका यादव के बारे में, उनकी इंस्टाग्राम अकाउंट या आईडी, टेनिस करियर, टेनिस अकादमी, वीडियो और केस में क्या अपडेट है, राधिका यादव कारवां (राधिका ने युवक के साथ जो वीडियो बनाया था।) जैसे टॉपिक लोग सर्च कर रहे हैं।

कुछ लोगों ने उस युवक के बारे में भी सर्च किया, जिसका नाम राधिका से जोड़ा जा रहा है। गौरतलब है कि मीडिया में खबरें आई थीं कि राधिका ने जिस युवक के साथ वीडियो बनाया था उसे लेकर दीपक खफा था। इस वजह से उसने वारदात की।

विशेष निगरानी में रखा गया राधिका हत्याकांड का आरोपी पिता दीपक यादव
टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के आरोपी पिता दीपक यादव को भोंडसी स्थित जिला जेल में विशेष निगरानी में रखा गया है। उसे हवालाती नंबर 4142 आवंटित किया गया है। जेल सूत्रों के अनुसार दीपक यादव का व्यवहार बीते दो दिनों से सामान्य रहा है, हालांकि वह अन्य कैदियों से दूरी बनाए हुए है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपक यादव को ''हार्डकोर अपराधियों'' की दूसरी श्रेणी में रखा गया है। इस श्रेणी में वे आरोपी शामिल होते हैं जो पहली या दूसरी बार हत्या जैसे गंभीर अपराध में संलिप्त होते हैं। दीपक वर्तमान में लगभग 60 कैदियों के साथ एक विशेष बैरक में रखा गया है, जहां सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

भोंडसी जेल प्रशासन के अनुसार, दीपक यादव को शनिवार को जेल में दाखिल किया गया था। मेडिकल जांच में वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। उसने अब तक समय पर भोजन किया है, लेकिन वह कम ही बोलता है और अन्य कैदियों से सीमित संपर्क रखता है।

जेल प्रशासन का कहना है कि फिलहाल दीपक यादव को कोई कार्य नहीं सौंपा गया है, क्योंकि वह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है। यदि आगे चलकर उसे सजा होती है, तो नियमानुसार उसे अन्य कैदियों की तरह काम पर लगाया जा सकता है।

यह था पूरा मामला
राज्य स्तरीय महिला टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गुरुवार की सुबह पिता ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसकी पीठ में चार गोलियां मारी गईं थीं। राधिका के चाचा कुलदीप ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ घर पर थे। इसी दौरान उन्होंने गोली की आवाज सुनी तो वह घर की पहली मंजिल पर पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि राधिका रसोई में खून से लथपथ पड़ी थी। जबकि रिवॉल्वर ड्राइंग रूम में पड़ी थी। 

राधिका के चरित्र पर अंगुली उठाते थे
रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि दीपक यादव को गांव के कुछ लोग उसकी बेटी के एकेडमी चलाने के लिए टोकते थे। उसके चरित्र पर भी अंगुली उठाते थे। ऐसे में दीपक ने बेटी को  एकेडमी बंद करने के कहा था, लेकिन वह नहीं मानी और उसने खिलाड़ियों को टेनिस कोर्ट में प्रशिक्षण देना जारी रखा।