ट्रेन हादसे में चार की दर्दनाक मौत, महिला और बेटी भी शामिल
बिहार के बेगूसराय में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। सभी लोग मेला देखकर घर लौट रहे थे। यह घटना बरौनी-कटिहार रेलखंड के साहेबपुर कमाल और उमेशनगर रेलवे स्टेशन के बीच रहुआ गांव के पास हुई। हादसे में एक महिला, दो नाबालिग बच्चियां और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रहुआ गांव के किशुनदेव महतो के पुत्र धर्मदेव महतो (45), मदन महतो की पत्नी रीता देवी (40), उनकी बेटी रोशनी कुमारी (17) और नीतीश कुमार महतो की बेटी आरोही कुमारी (10) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग पास के रघुनाथपुर गांव में आयोजित काली मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की, तभी खगड़िया की ओर जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस अचानक आ गई और चारों को चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सभी लोग रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे चल रहे थे। ट्रेन पीछे से आ रही थी, जिसे वे देख नहीं पाए। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही चारों की जान चली गई। हादसे के बाद पूरे रहुआ गांव में मातम छा गया है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
साहेबपुर कमाल थाने के SHO सिंतु कुमार ने बताया कि यह घटना बरौनी-कटिहार रेलखंड पर हुई। सभी मृतक रहुआ गांव के निवासी थे। SHO ने बताया कि वे लोग पास के इलाके में लगने वाले मेले में शामिल होकर लौट रहे थे। घर लौटते समय उन्होंने रेल पटरी पार करने की कोशिश की, तभी वहां से अमरपाली एक्सप्रेस गुजर रही थी और चारों उसकी चपेट में आ गए।

हरी खाद- खेती में बढ़ेगा उत्पादन, मिट्टी की सेहत होगी बेहतर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा की बेटी रिया केशरवानी को दी बधाई, दसवीं बोर्ड में प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया
खंडवा के डायल-112 हीरोज
सामाजिक सुरक्षा पेंशन इस विश्वास का अंतरण है कि सरकार हर घड़ी जरूरतमंदों के साथ है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सशक्त नारी, समृद्ध परिवार : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का संबल