पूर्व विधायक की फैक्टरी पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की
यमुनानगर। रादौर के जठलाना क्षेत्र में स्थित इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की ट्रेनॉक्स लैमिनेट फैक्टरी पर सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमलावरों ने फैक्टरी के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए करीब आठ राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान दो गोलियां फैक्टरी परिसर के अंदर खड़े एक ट्रक के सामने भी लगीं। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। उस समय फैक्टरी के गेट पर सिक्योरिटी रूम में कर्मचारी मौजूद थे। तभी दो युवक, जिन्होंने अपने चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे, अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई और फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने लगातार कई राउंड फायर किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन जिस तरह से गोलियां फैक्टरी के अंदर तक पहुंचीं, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर सीआईए-1, सीआईए-2, थाना जठलाना पुलिस के अलावा जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल भी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से गोलियों के खाली खोल बरामद किए हैं और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फैक्टरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या डर फैलाने की मंशा से जुड़ा माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद फैक्टरी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है।

Tamil Nadu Elections 2026: BJP की पहली लिस्ट जारी, 27 उम्मीदवार घोषित, अन्नामलाई बाहर
केरल में पीएम मोदी का तीखा हमला: ‘अब गांधी वाली कांग्रेस खत्म
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, पटरी पर लौटी 14 ट्रेनें
अमेरिकी सांसदों का MATCH एक्ट पेश, चीन की सेमीकंडक्टर पहुंच पर रोक
ईरान युद्ध के बीच कुवैत की सरकारी तेल रिफाइनरी पर तीसरी बार हमला