केक लेने गए थे, घर लौटी सिर्फ दर्दनाक खबर; ट्रक की टक्कर में फौजी की मौत
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले भारतीय सेना के जवान अभिषेक आनंद को सोमवार शाम अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटे जवान के पार्थिव शरीर को सेना की टुकड़ी ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल गमगीन हो गया। शहीद जवान को उनके 12 वर्षीय भतीजे अभिनव राज ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं।
तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर पहुंचते ही मचा कोहराम
सेना के जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक घर पहुंचा, वहां चीख-पुकार मच गई। पति के शव को देखते ही पत्नी अंशु अपनी तीन साल की मासूम बेटी को गोद में लिए उनसे लिपटकर बिलख-बिलख कर रोने लगीं। गांव की महिलाएं और परिवार के लोग उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस दुखद दृश्य को देखकर सांत्वना देने पहुंचे हर व्यक्ति का कलेजा कांप उठा।
बेटी का जन्मदिन मनाने आए थे घर, रास्ते में हुआ हादसा
राजस्थान के बीकानेर में तैनात अभिषेक आनंद वर्ष 2014 में भारतीय सेना में शामिल हुए थे। वह अपनी तीन वर्षीय बेटी के जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए 20 दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। रविवार की शाम वह अपने दो साथियों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से बाजार में केक का ऑर्डर देने जा रहे थे। इसी दौरान धबौलिया पुल के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें जवान समेत तीनों सवारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले दो अन्य साथियों की भी विदाई
इस सड़क दुर्घटना में जवान अभिषेक के साथ अपनी जान गंवाने वाले पंकज राय और बादल यादव का भी सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। पंकज राय अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं, जबकि समाजसेवा और राजनीति से जुड़े बादल यादव अभी अविवाहित थे।
गांव और पूरे क्षेत्र में छाया गहरा शोक
पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों युवकों के पार्थिव शरीर एक साथ गांव पहुंचे, तो हर तरफ सिर्फ सन्नाटा और रोने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। स्थानीय लोग और रिश्तेदार पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। एक साथ तीन होनहार युवाओं को खो देने से पूरा क्षेत्र गहरे आघात में है और इस दर्दनाक घटना से हर कोई स्तब्ध है।

किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज