शादी के छह महीने बाद उजड़ा परिवार, लालकुर्ती बाजार में युवक की संदिग्ध मौत
अंबाला: अंबाला कैंट के लालकुर्ती बाजार में एक दुखद हादसे में 31 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। मृतक की पहचान राणा कॉम्प्लेक्स के निवासी हिमांशु शर्मा के रूप में हुई है। बाजार में बनी एक नाली के पास दो थड़ों के बीच बनी बेहद तंग जगह में मुंह के बल गिर जाने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
छह महीने पहले हुई थी शादी, परिवार का इकलौता सहारा था हिमांशु
इस हादसे से मृतक के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। हिमांशु शर्मा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और महज छह महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। अचानक हुई इस अनहोनी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आशंका जताई जा रही है कि नाली के पानी और कीचड़ में मुंह डूबने तथा सांस रुकने की वजह से युवक की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई।
दो थड़ों के बीच फंसा मिला शव, संतुलन बिगड़ने की जताई जा रही आशंका
घटनास्थल के निरीक्षण के अनुसार युवक दो थड़ों के बीच बनी महज कुछ फीट की संकरी जगह में अचेत अवस्था में फंसा हुआ था। उसके पैर बाहर की ओर थे, जबकि सिर और चेहरा पूरी तरह से नाले के पानी में डूबा हुआ था। शुरुआती आकलन के मुताबिक, रास्ते से गुजरते समय संतुलन बिगड़ने या अचानक चक्कर आ जाने के कारण वह सीधे नाली में जा गिरा और खुद को बाहर नहीं निकाल सका।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों के बयान के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
मामले की जांच कर रहे लालकुर्ती चौकी प्रभारी राजिंद्र के अनुसार घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा मौजूद नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक दृष्टि से यह मामला दुर्घटना या सामान्य मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा।

किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज