आगरा (मनोज कुमार): मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू ने अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद के साथ बुधवार को ताजमहल का दौरा किया। उनकी इस यात्रा के दौरान आम पर्यटकों के लिए ताजमहल को सुबह 8 से 10 बजे तक बंद रखा गया, जिससे सैलानियों को बाहर इंतजार करना पड़ा। ताजमहल देखने आए स्कूल के बच्चों के समूह को भी प्रवेश नहीं मिल सका और वे भी बाहर बैठाए गए।

राष्ट्रपति मुइज्जू आगरा एयरपोर्ट पर सुबह 8 बजे पहुंचे, जहां उनका स्वागत उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला शिल्पग्राम पहुंचा और वहां से ताजमहल के लिए रवाना हुए।
ताजमहल के पश्चिमी द्वार पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों ने राष्ट्रपति और उनकी पत्नी का स्वागत किया। ताजमहल की खूबसूरती से मंत्रमुग्ध राष्ट्रपति मुइज्जू ने ताजमहल को प्रेम और वास्तुकला की उत्कृष्टता का प्रतीक बताया। ताजमहल की भव्यता देखकर उन्होंने विजिटर्स बुक में लिखा।

ताजमहल का वर्णन शब्दों से नहीं किया जा सकता, यह प्रेम और शिल्प कौशल की कालातीत कृति है।