भोपाल। वक्फ संशोधित अधिनियम, 2025 की रोशनी में एक दिवसीय राज्य स्तरीय वक्फ सेमीनार मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड भोपाल द्वारा गत दिवस 18 सितंबर को आयोजित किया गया। 
सेमिनार में वक्फ संशोधित अधिनियम, 2025 की रोशनी में मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के अंतर्गत राजपत्रित एवं पंजीकृत लगभग 15 हजार वक्फ सम्पत्तियों की सुरक्षा एवं उनकी बेहतर प्रबंध व्यवस्था किस तरह की जाए, वक्फ के उद्देश्यों के अंतर्गत समाज के गरीब, नादार, कमज़ोर आदि वर्ग का शैक्षणिक, समाजिक, आर्थिक उत्थान किस तरह किया जाये, के संबंध में ज़रूरी दिशा निर्देश एवं बेहतर सुझाव पर चर्चा की गई। 

कार्यालय मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड द्वारा डॉ. सनवर पटेल अध्यक्ष म.प्र. राज्य वक्फ बोर्ड की अध्यक्षता में सैयद सुलेमान हाल, ताजुल मसाजिद केम्पस, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय वक्फ सेमिनार में प्रदेश के एक लाख से अधिक आय वक्फों के जिम्मेदारान, जिला वक्फ कमेटी के पदाधिकारीण, इलेक्ट्रानिक मीडिया, प्रिन्ट मीडिया एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधिगण ने शिरकत की।

अध्यक्ष पटेल ने उपलब्धियों को पेश किया 
अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में अपने कार्यकाल में हुईं उपलब्धियों को पेश किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में नवीन वक्फ संशोधित अधिनियम-2025, उम्मीद सेन्ट्रल पोर्टल, उम्मीद सेन्ट्रल रूल्स-2025, पटटा नियम, बोर्ड की शिक्षा निति, कृषि भूमि नीलामी से प्राप्त अप्रत्याशित राशि एवं विशेष कर बोर्ड के अधीन समितियों द्वारा मेघावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित कर उन्हें ड्रॉप आउट होने से बचाने के लिये किये गये कार्यों को पुरजोर अंदाज में पेश किये। उन्होंने अपने उद्बोधन में स्पष्ट रूप से कहा की वक्फ के जिम्मेदारों को वक्फ के कार्य वक्फ कानून के दायरे में ही रहकर पूर्ण ईमानदारी एवं दियानतदारी के साथ निष्पादित करना होगा। 

शिक्षा के मैदान में आगे बढऩे एवं कौशल विकास की जरूरत
इस मौके पर काजी-ए-शहर रियासत भोपाल, काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी एवं मुफ्ती-ए-शहर जनाब मुफ्ती अबुल कलाम कासमी ने इस्लाम धर्म में शिक्षा की अहमियत एवं वक्फ की हिफाज़त की ज़िम्मेदारी पर रोशनी डालते हुए अनेक उदाहरण से बताया कि आज शिक्षा के मैदान में आगे बढऩे एवं कौशल विकास की जरूरत है।

इन विषयों पर हुई चर्चा 
समारोह में वक्फ से संबंधित अनेक विषयों जैसे: वक्फ संशोधित अधिनियम 2025, उम्मीद सेन्ट्रल वक्फ रूल्स-2025, पटटा नियम, किराय गाइडलाइन, बोर्ड की शिक्षा निति, सेन्ट्रल बैंक में वक्फ के खातों को संचालित करने, कृषि भूमि नीलामी, वक्फ प्रबंधन के दौरान कानूनी सहायता, धारा 54 के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया एवं वक्फ अधिनियम 2025 के प्रावधानानुसार चंदा निगरानी, हिसाबात आदि पर बोर्ड कार्यालय वृष्ठि अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण द्वारा चर्चा की गई।

इन कार्यों के लिए किया सम्मान 
समारोह में कृषि भूमि नीलामी में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सबसे अधिक राजस्व अर्जित करने वाले जिले के अध्यक्ष एवं संबंधित वक्फ कमेटियों के अध्यक्षों को एवं साथ ही बोर्ड की शिक्षा निति पढ़ो पढ़ाओ राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो अंतर्गत सबसे अधिक छात्रवृत्ति देने वाले जिला अध्यक्ष व संबंधित वक्फ कमेटियों के अध्यक्ष को सम्मानित किया गया।

वक्फ की अहमियत पर डाली रोशनी  
समारोह का आगाज कुरआन की तिलावत से हुआ। स्वागत उद्बोधन के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी म.प्र. वक्फ बोर्ड डॉ. फरजाना गुज़ाल ने वक्फ की अहमियत पर रोशनी डाली। अतिथिगण के रूप में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एम.एजाज खान, जिला वक्फ कमेटी के अध्यक्ष इरशाद अन्सारी आदि सम्मिलित हुए एवं सभी ने इस मौके पर शिक्षा एवं वक्फ की अहमियत पर रोशनी डाली। 

इन्होंने माना आभार 
समारोह का समापन मुख्य कार्यपालन अधिकारी म.प्र. वक्फ बोर्ड डॉ. फरजाना गज़ाल के आभार एवं काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी की दुआ पर हुआ। उक्त समारोह के संचालन की ज़िम्मेदारी बोर्ड कार्यालय के आई.टी. सल के प्रभारी एवं औकाफ-ए-आम्मा के प्राधिकृत अधिकारी डॉ. अकमल यज़दानी ने बखूबी अंजाम दी।